राज ठाकरे पर ठाणे में FIR:मनसे चीफ ने रैली में खुलेआम लहराई थी तलवार

राज ठाकरे पर ठाणे में FIR:मनसे चीफ ने रैली में खुलेआम लहराई थी तलवार

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे और उनके तीन साथियों के खिलाफ ठाणे में FIR दर्ज हुई है। यहां मंगलवार शाम एक रैली में उन्होंने तलवार लहराकर ईद तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतारने का अल्टीमेटम दिया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि लाउडस्पीकर नहीं उतारे तो उनके कार्यकर्ता मस्जिद के सामने लाउडस्पीकर लगाकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इसका वीडियो सामने आने के बाद बुधवार को ठाणे के नौपाडा पुलिस स्टेशन में राज ठाकरे पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

राज ठाकरे ने कहा था, ‘अभी तो मैंने सिर्फ हनुमान चालीसा की बात की है। मुझे अपने बाण को और खींचने के लिए मजबूर ना करें। आपकी प्रार्थना आप अपने घर पर कीजिए। दूसरों को परेशान मत कीजिए। पांच-दस-पंद्रह दिनों की बात समझ आती है। लेकिन, 365 दिन यह नहीं चलेगा।’ इससे पहले 2 अप्रैल को मुंबई में हुई एक सभा में भी राज ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा था कि अगर मस्जिदों से लाउडस्पीकर नहीं उतारे गए तो मनसे कार्यकर्ता मस्जिदों के सामने हनुमान चालीसा बजाएंगे। इसके बाद राज्य के कई हिस्सों से मनसे कार्यकर्ताओं को ऐसा करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था।राज ठाकरे ने कहा, ’18 जुलाई 2005 को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि दूसरों को परेशानी हो ऐसे धार्मिक कामों को इजाजत नहीं दी जाए। अगर सुप्रीम कोर्ट यह कह रहा है तो राज्य सरकार को क्या परेशानी है? 3 तारीख को ईद है। 3 तारीख का अल्टीमेटम दे रहा हूं। मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतरवाओ। नहीं तो जगह-जगह हनुमान चालीसा बजेगी। इससे मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *