अहिवारा क्षेत्र में नल जल योजना की मांग पर मुख्यमंत्री ने सर्वे कराने के बाद नल-जल योजना प्रारंभ करने को कहा। वहीं महापौर निर्मल कोसरे ने भिलाई-3 में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने, नवीन निगम कार्यालय और डबरापारा से कुम्हारी तक केनाल की मांग रखी। इन मांगों पर तकनीकी परीक्षण कराकर निर्णय लेने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने कहा कि राज्यभर में वर्तमान में 172 सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। इन स्कूलों में एक कक्षा में अब 40 से बढ़ाकर 50 बच्चों को प्रवेश देने का निर्णय लिया है।नवीन तहसील कार्यालय व उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भिलाई-3 तहसील कार्यालय और उप तहसील कार्यालय खुलने से जितनी खुशी यहां आप लोगों को हो रही है, उतनी खुशी मुझे भी हो रही है क्योंकि मैं खुद यहां का निवासी हूँ और यहां का किसान हूँ। यहां तहसील कार्यालय की मांग बहुत पुरानी थी और यह क्षेत्र की जनता की आवश्यकता भी थी। तहसील कार्यालय की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों के स्वस्थ होने की कामना भी की।सीएम ने कहा कि हमने अब तक 85 तहसीलों की घोषणा कर दी है, जिसमें 52 तहसील प्रभावशील हो चुके हैं। किसी भी राज्य सरकार द्वारा इतने कम समय में इतनी संख्या में तहसील का गठन नहीं किया गया है। हमारी सरकार ने तीन साल के भीतर ही अब तक 6 जिलों का भी गठन कर दिया है, जिसमें एक ज़िला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कामकाज शुरू हो चुका है। शेष पाँच जिलों की शुरुआत जल्द ही होगी। इस अवसर पर पीएचई मंत्री श्री गुरु रुद्र कुमार ने क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर नगर निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर व चरोदा निगम के पार्षद, अधिकारी व अन्य मौजूद रहे।सीएम भूपेश बघेल ने शनिवार को भिलाई-3 में तहसील व उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कार्यालय का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा भी लिया। बता दें कि भिलाई-3 को मिलाकर अब दुर्ग जिले में 6 तहसील हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार की मांग पर भिलाई-3, कुम्हारी और जामुल को मिलाकर अनुविभाग बनाने की घोषणा की।
अनुविभागीय अधिकारी का कार्यालय भिलाई-3 में ही खोला जाएगा। भिलाई-3 में उप रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने की भी घोषणा की। भिलाई-3 में निर्मित तहसील कार्यालय व उप तहसील कार्यालय में बाउंड्रीवाल की घोषणा की गई। भिलाई में बनने वाले स्टेडियम परिसर में जैतखाम और मंदिर के लिए स्थान सुरक्षित रखा जाएगा।