सूरज लगातार आसमान से आग उगल रहा है। बढ़ते तापमान और तेज हवाओं के कारण लगभग पूरा उत्तर भारत लू के चपेट में है। सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा जिले का रहा। यहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।अप्रैल महीने में गर्मी ने 122 साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अप्रैल महीना सबसे गर्म रहा। उत्तर पश्चिम के 9 राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अप्रैल का औसत तापमान 35.900 (न्यूनतम-अधिकतम का औसत) दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.35 डिग्री अधिक था। इसी तरह मध्य भारत के 6 राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, मप्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में औसत तापमान 37.780 दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.490 अधिक था। मौसम विभाग 1901 से मौसम संबंधी आंकड़े जमा कर रहा है। उसके बाद पहली बार अप्रैल इतना गर्म रहा।
2 मई से ही गर्मी कम होने लगेगी। पूरे महीने में देशभर में कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। 5 मई के बाद बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन बनने के आसार हैं। इसके असर से आधे भारत में बारिश होगी। मई का तीसरा हफ्ता सबसे ठंडा रह सकता है। लेकिन, गुजरात, राजस्थान और पंजाब में राहत नहीं मिलेगी।16 राज्यों में कुछ दिनों से लगातार बिजली कटौती हो रही है। यूपी, राजस्थान, झारखंड, हरियाणा, मध्यप्रदेश आदि में डिमांड के मुकाबले सप्लाई 10% तक कम है। इसका प्रमुख कारण बिजली प्लांटों में कोयले की कमी है। कई राज्यों में 10-10 घंटे के कट लग रहे हैं। इससे पहले ऐसी स्थिति 2016 में बनी थी।
राजस्थान में अप्रैल महीने के आखिरी दिन भी गर्मी के तेवर तेज रहे। राज्य के 9 शहरों में शनिवार दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। धौलपुर में लगातार तीसरे दिन पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ। दिन ही नहीं रात में भी तेज गर्मी पड़ने लगी है। वहीं, रेगिस्तानी इलाके बाड़मेर में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग की मानें तो 2-3 मई को मौसम में बदलाव हो सकता है। यहां पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी (बीकानेर, चूरू, नागौर, जैसलमेर और जोधपुर) और उत्तरी राजस्थान (गंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनू) के कुछ भागों में आंधी और बारिश होने के भी प्रबल आसार हैं।
मध्यप्रदेश की रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। प्रदेश में इस सीजन पहली बार रायसेन और जबलपुर में रात का पारा 29 डिग्री के पार 30 डिग्री तक पहुंच गया। रायसेन में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री, दतिया में 29.4 और जबलपुर में 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में भी रात का तापमान 28 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। भोपाल और इंदौर में भी रातें अब तपिश वाली होने लगी हैं। रात के तापमान में और बढ़त हो सकती है।
भोपाल में न्यूनतम तापमान 25.8 और इंदौर में 24.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अभी गर्मी और बढ़ेगी। दिन का तापमान 45 के आसपास बना रहेगा, जबकि रात में यह 30 डिग्री तक जा सकता है। ऐसे में दिन के साथ अब रात में भी गर्मी बढ़ेगी। दो दिन बाद तापमान कुछ नीचे आ सकता है। पारा कहीं-कहीं दो डिग्री तक गिर सकता है।