छत्तीसगढ़ के उद्योगों को राहत:एनटीपीसी की लारा यूनिट ने काम शुरू किया

छत्तीसगढ़ के उद्योगों को राहत:एनटीपीसी की लारा यूनिट ने काम शुरू किया

नेशनल थर्मल पॉवर कॉर्पोरेशन (एनटीपीसी) के लारा प्लांट ने रविवार को फिर से उत्पादन शुरू कर दिया है। इसकी वजह से छत्तीसगढ़ के उद्योगों को बिजली संकट से बड़ी राहत मिली है। लारा पॉवर प्लांट तकनीकी खराबी की वजह से पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ा था।

अधिकारियों ने बताया, केंद्रीय उपक्रम एनटीपीसी के लारा संयंत्र में 26 अप्रैल को तकनीकी खराबी आ गई थी। इसकी वजह से प्रदेश के कोटे की 400 मेगावाट बिजली नहीं मिल पा रही थी। इस कमी का असर औद्योगिक उपभोक्ताओं पर ही पड़ा था। उद्योगों को बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। लारा पॉवर प्लांट को शनिवार रात 11 बजे संचालन के लिये तैयार कर लिया गया। रविवार सुबह 10.24 बजे से प्लांट में विद्युत उत्पादन शुरू हो गया। बताया जा रहा है, प्लांट में उत्पादन शुरू होने से प्रदेश में मांग और आपूर्ति का संतुलन सामान्य हो गया है। कहा गया है, अब उद्योगों समेत सभी उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली मिल रही है।बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया, छत्तीसगढ़ में विद्युत उपलब्धता पर्याप्त है। वर्तमान में विद्युत की मांग 4 हजार 850 मेगावाट है। वहीं प्रदेश के पास 4 हजार 888 मेगावाट बिजली उपलब्ध है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के संयंत्रों से 2 हजार 318 मेगावाट बिजली मिल रही है। वहीं दो हजार 570 मेगावाट बिजली केंद्रीय उपक्रमों से लेनी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *