समर वेकेशन के बीच ट्रेनों को कैंसिल करने का असर दूसरी ट्रेनों में दिखने लगा है। अचानक ट्रेनों को रद्द करने के बाद दूसरी गाड़ियों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है और कन्फर्म बर्थ के लिए मारामारी हो रही है। इसे देखते हुए रेलवे ने पांच ट्रेनों में एक्स्ट्रा कोच लगाने का फैसला लिया है।
कोरोना के दो साल बाद ट्रेनें शुरू हुई हैं। ऐसे में ग्रीष्मकालीन अवकाश के साथ ही शादी के सीजन में यात्रियों की भीड़ एकाएक बढ़ गई है। इधर, रेलवे बोर्ड ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली 50 से अधिक एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों को बंद कर दिया है। इसके चलते दूसरी गाड़ियों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और कंफर्म बर्थ पाने के लिए यात्रियों में होड़ मची है। बर्थ नहीं मिलने के कारण यात्रियों को सफर कैंसिल भी करना पड़ रहा है। इसके चलते यात्री सुविधा को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग- भोपाल एक्सप्रेस, बिलासपुर-इंदौर, बिलासपुर-रायपुर पैसेंजर में एक्स्ट्रा स्लीपर कोच के साथ ही गेवरारोड व शिवनाथ एक्सप्रेस में एक- एक सामान्य कोच जोड़ने का फैसला लिया है।सात व आठ मई को दुर्ग- भोपाल एक्सप्रेस, बिलासपुर- इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस, सात व दस मई को बिलासपुर – रायपुर पैसेंजर के साथ ही सात व दस मई को गेवरारोड व शिवनाथ एक्सप्रेस में एक्स्ट्रा कोच की व्यवस्था की गई है।