आज से खेलो इंडिया यूथ गेम्स:गृहमंत्री अमित शाह करेंगे शुभारंभ

आज से खेलो इंडिया यूथ गेम्स:गृहमंत्री अमित शाह करेंगे शुभारंभ

‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ का आज शाम 7.30 बजे शुभारंभ होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसके लिए आज पंचकूला सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेंगे। इसे लेकर पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को कहा गया है कि कुछ सड़कों से गुजरने से परहेज करें।पंचकूला पुलिस ने जो VVIP रूट बनाया है, उसमें पुराना पंचकूला से लेकर जीरकपुर हाईवे (ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर 3 की तरफ से जाते हुए), माजरी चौक से जीरकपुर की तरफ से अंदरूनी रोड, ट्रैफिक लाइट पाइंट सेक्टर 3 से ताऊ देवी लाल स्टेडियम की तरफ से होते हुए पुराने डंपिंग ग्राउंड सेक्टर 23 चौक की तरफ से आने-जाने वाली सड़क शामिल है। यह रुट शाम 4 बजे से लेकर रात 9.30 बजे तक बना रहेगा। ऐसे में पंचकूला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इन रास्तों (रुट) का प्रयोग न करके अतिरिक्त अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 4 से 13 जून तक चलेंगी, जिसे लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी जोश है। वहीं आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए प्रतिदिन रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ के चौथे संस्करण का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) व केंद्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इसके तहत खेलों के आयोजन के लिए 250 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस राशि में से, 139 करोड़ रुपए नई खेल संरचना के निर्माण और पुराने बुनियादी ढांचे के सुधार पर खर्च किया गया है।

खेलो इंडिया गेम्स में पहली बार 5 पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इनमें गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंभ और योग शामिल हैं। इनमें गतका, कलारीपयट्टू और थांग-ता पारंपरिक मार्शल आर्ट हैं, जबकि मलखंभ और योग फिटनेस से जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *