छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत अंतागढ़ विधानसभा के पोड़गांव पहुंचे। CM ने यहां जनचौपाल लगाई। इलाके के लोगों से रूबरू हुए। CM ने यहां सौगातों का पिटारा खोला। लोगों की मांग अनुसार अंतागढ़ में ADM और ASP की पदस्थापना करने की घोषणा कर दी। इसके साथ स्कूल, अस्पताल से लेकर सड़क, पुल-पुलिया बनाने की भी घोषणा की। साथ ही नक्सल प्रभावित इलाके के ग्रामीणों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। समस्याओं का निराकरण करने का भरोसा दिलाया।
पोड़गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अंतागढ़ परगना के सिपाही माने जाने वाले टोंगराज बाबा के मंदिर के नए स्वरूप को स्थानीय जनता को लोकार्पित किया। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार जगदलपुर के प्रथम राजा अन्नमदेव ने अपने राज्य के अंतिम छोर पर बसे अंतागढ़ विधानसभा के पोड़गांव में राज्य की सरहद पर रक्षा के लिए टोंगराज बाबा की प्रतिमा को स्थापित करवाया गया था। अंतागढ़ की देवी देवली दाई, नयापारा के चूंगा बाबा की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा अर्चना की।CM ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में कहा कि, पिछले दो सालों से कोरोना के कारण फैक्टरी बंद थी, जिसके कारण बारदाने की आपूर्ति नहीं हुई। हमने किसानों को कहा था कि, कोई भी बारदाना लेकर आओ हम खरीदी करेंगे और रिकार्ड 98 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा। उन्होंने कहा कि हमने खाद की मांग केंद्र सरकार से की थी, लेकिन भारत सरकार खाद नहीं भेज रही है जिससे कमी हो रही है। मेरा अनुरोध है कि ज्यादा से ज्यादा वर्मी कंपोस्ट बनाइए और इस्तेमाल करिए।
पोड़गांव में मुख्यमंत्री की घोषणाएं
- अंतागढ़ में अपर कलेक्टर और ASP की पदस्थापना की घोषणा।
- अंतागढ़ पोड़गाव से टेमरूपानी रोड का चौड़ीकरण करने की घोषणा।
- अंतागढ़ में तहसील भवन निर्माण की घोषणा।
- अंतागढ़ गोल्डन चौक से बिजली आफिस तक मॉडल रोड निर्माण की घोषणा।
- ग्राम पंचायत बंडापाल में बालक-बालिका मिडिल स्कूल आश्रम खोला जाएगा।
- आमाबेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा।
- उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसासूर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा।
- ग्राम पंचायत बड़े गोपाल में नवीन आंगनबाड़ी की घोषणा
- पोड़गांव हायर सेकेंडरी स्कूल को नवीन भवन बनाकर शिफ्ट करने की घोषणा।
- गुडरापारा नाला किया जाएगा पुलिया निर्माण।
भेंट-मुलाकात में सरेंडी गांव के तलेश ने CM को बताया कि, मेरा 40 हजार का कर्ज माफ हुआ है। धान को सरकार ने 2500 रूपए क्विंटल में खरीदा। आमाबेड़ा के सोनू ने बताया कि, राजीव गांधी न्याय योजना शुरू होने से किसानों को बहुत मदद मिली है। किसान अपने खेत से ब्लैक राइस लाया था ,जिसे CM को भेंट किया। इधर, जेतराम बघेल ने हाट बाजार क्लिनिक योजना के बारे में कहा मेडिकल टीम जांच कर दवाई देते हैं, इससे मुझे भी लाभ मिला है।