वर्ल्ड नंबर-1 इगा स्वियातेक ने फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। उन्होंने शनिवार को खेले गए विमेन सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में अमेरिका की कोको गाफ को 6-1, 6-3 से हराया। वो लगातार 35 मैचों से नहीं हारी हैं। पहले सेट से ही इगा पूरी तरह से कोको पर हावी नजर आईं और उन्हें वापसी का कोई मौका ही नहीं दिया।
इस जीत के साथ ही इगा ने वीनस विलियम्स के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। वीनस ने साल 2000 में लगातार 35 मैच जीते थे। इगा ने 22 साल बाद उनके रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए 35 मुकाबले जीत लिए हैं।
मैच के बाद जब इगा ट्रॉफी लेने गईं तो चैंपियन स्पीच के दौरान पोलैंड का राष्ट्रगान बज रहा था तो वह भावुक हो गईं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।इगा दूसरी बार फ्रेंच ओपन का फाइनल खेल रही थीं। इससे पहले, 2020 के सीजन में उन्होंने अमेरिका की सोफिया केनिन को 6-4, 6-1 से हराकर अपना पहला फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम किया था।सेमीफाइनल मैच में स्वियातेक ने 20वीं रैकिंग की कसातकिना को 6-2, 6-1 से हराया था। जबकि, कोको ने मार्टिना ट्रेविसन को सीधे सेटों में 6-3, 6-1 से हराकर फाइनल में पहुंचीं थी। यह मैच एक घंटा और 28 मिनट तक चला था।