हरियाणा के विधायकों को लेकर चंडीगढ़ रवाना हुए CM:

हरियाणा के विधायकों को लेकर चंडीगढ़ रवाना हुए CM:

क्रॉस वोटिंग का खतरा टालने के लिए रायपुर में रखे गए हरियाणा के विधायक गुरुवार शाम चंडीगढ़ लौट गए। राज्य सभा चुनाव में हरियाणा के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक बनाए गए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उनके साथ ही चंडीगढ़ रवाना हुए हैं। हवाई अड्‌डे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जीत का दावा किया है। हरियाणा के विधायक 2 जून की शाम को ही रायपुर लाए गए थे।

गुरुवार शाम 4.30 बजे के बाद नवा रायपुर के रिसॉर्ट से हरियाणा के विधायकों को दो बसों में एयरपोर्ट ले जाया गया। उनके साथ भारी पुलिस बंदोबस्त भी था। वहां से सभी को विशेष विमान से चंडीगढ़ के लिए रवाना किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उनके साथ गए हैं। सभी लोग रात में चंडीगढ़ के एक होटल में ठहरेंगे। सभी विधायकों को शुक्रवार सुबह वहीं से सीधे विधानसभा ले जाया जाएगा। वहां वे राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करेंगे। रायपुर हवाई अड्‌डे पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, आंकड़े उनके साथ हैं। निश्चित रूप से इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी अजय माकन की जीत होगी। उन्होंने कहा, भाजपा के पास केवल खयाली पुलाव है। उनके पास आंकड़े नहीं है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, जो दो विधायक यहां नहीं पहुंचे थे वे भी पार्टी के साथ हैं।बताया जा रहा है कि कांग्रेस के विधायकों को पिछले एक सप्ताह में कम से कम तीन बार सही ढंग से मतदान की मॉकड्रिल कराई गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजीव शुक्ला, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्‌डा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी है। विधायकों को बताया गया है, चुनाव बैलट पर होंगे, लेकिन इसमें मुहर नहीं लगानी, बस नंबर लिखने हैं। इसके लिए उनको चुनाव आयोग की ओर से एक विशेष पेन मिलेगा। सभी को उसी पेन का इस्तेमाल करना है। कांग्रेस विधायकों को पार्टी प्रत्याशी अजय माकन को पहली वरीयता का वोट करने को कहा गया है। विधायकों को समझाया गया है कि वरीयता के लिए (1) लिखते समय सावधानी बरतने की जरूरत होगी। अगर यह बॉक्स के बाहर लिख दिया जाएगा तो रद्द हो सकता है। विधायकों को कम से कम तीन बार मतदान प्रक्रिया का मॉकड्रिल कराया गया है। अब यह 10 जून की शाम को ही स्पष्ट होगा कि कांग्रेस की यह बाड़ेबंदी और प्रशिक्षण संगठन के काम आया अथवा पूरी मेहनत बेकार गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *