भिलाई इस्पात संयंत्र के टाउनशिप क्षेत्र की 6 प्रमुख सड़कों का जल्द ही चौड़ीकरण कार्य शुरू होगा। नगर सेवाएं विभाग ने इसका प्लान तैयार कर लिया है। एजेंसी तय होती इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। टाउनशिप की इन सड़कों का चौड़ीकरण करने के साथ-साथ अन्य खराब हो रही सड़कों की मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा।
भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक टाउनशिप क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। यहां की प्रमुख सड़कों से हर दिन लाखों दो और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। बीएसपी की कुछ सड़कों को छोड़कर अन्य में कई बार ट्रैफिक का दबाव इतना बढ़ जाता है कि वहां जाम की स्थिति निर्मित होने लगती है और दुर्घटना भी होती हैं।
इसे देखते हुए बीएसपी की ओर से सड़कों की मरम्मत के साथ ही इस बार 6 प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। नगर सेवा विभाग प्रतिवर्ष अपने क्षेत्र की 20 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण एवं संधारण कार्य करता है। फारेस्ट एवेन्यू रोड पर हाल ही में मरम्मत कार्य पूरा किया गया है और कुछ स्थानों पर प्रस्तावित चौड़ीकरण के लिहाज से डिवाइडर का भी निर्माण किया गया है।
इन प्रमुख सड़कों का होगा चौड़ीकरण
- फारेस्ट एवेन्यू रोड (चोपड़ा पेट्रोल पंप से बोरिया गेट तक)
- सिक्स ट्री एवेन्यू रोड (32 बंगला से पावर हाउस रेलवे स्टेशन तक)
- रोड क्रमांक-2 (बोरिया गेट से श्रमवीर चौक तक)
- रोड क्रमांक-4 (जवाहर उद्यान से सेल परिवार चौक सेन्ट्रल एवेन्यू)
- रोड क्रमांक-6 (पंथी चौक फारेस्ट एवेन्यू से नेहरू नगर ओवरब्रिज)
- रोड क्रमांक-7 (तालपुरी चौक से सेक्टर-8 चौक से सिक्स ट्री एवं न्यू रोड) शामिल हैं।