बिलासपुर में कोरोना अलर्ट…आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश:CIMS और जिला अस्पताल सहित 30 प्राइवेट अस्पतालों को पत्र जारी

बिलासपुर में कोरोना अलर्ट…आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश:CIMS और जिला अस्पताल सहित 30 प्राइवेट अस्पतालों को पत्र जारी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अब कोरोना संक्रमण फिर से तेजी से बढ़ने लगा है। स्थिति यह है कि अब तक एक्टिव मरीजों की संख्या 53 हो गई है। जबकि, मंगलवार को एक ही दिन में 8 नए संक्रमित मिले हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के बाद प्रदेश में पहली बार CMHO डॉ. प्रमोद महाजन ने CIMS के साथ ही जिला हॉस्पिटल और कोविड मरीजों के लिए इलाज के लिए चयनित शहर के 30 निजी अस्पतालों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि जून के पहले सप्ताह से कोरोना मरीज मिलने शुरू हुए हैं। शुरूआत में रोज दो से तीन मरीज मिल रहे थे, लेकिन यह आंकड़ा अब बढ़ने लगा है। बीते सप्ताह रोज तीन से चार मरीज मिल रहे थे, जो वर्तमान में सात से आठ हो गया है। स्पष्ट है कि कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग फिर से अलर्ट मोड पर आ गया है।

CMHO ने कोरोना के उपचार के लिए चिन्हित निजी अस्पतालों के साथ ही CIMS और जिला अस्पताल प्रबंधन को कोविड वार्ड बनाने, के साथ ही जांच सेंटर, आइसोलेशन वार्ड, ऑक्सीजन और दवाइयों की उपलब्धता के साथ-साथ अन्य सभी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही की गई कार्रवाई से अवगत कराने के लिए भी कहा है।मंगलवार को जिले में आठ नए कोरोना मरीजों की पहचान की गई है। इसमे सरकंडा निवासी 53 वर्षीय पुरूष, बेलमुंडी तखतपुर निवासी 38 वर्षीय महिला, हाईकोर्ट कालोनी चकरभाठा निवासी 51 वर्षीय पुरूष, सन सिटी शुभम विहार निवासी 42 वर्षीय महिला, जूनीलाइन निवासी 13 वर्षीय बालिका, अशोक नगर सरकंडा निवासी 22 वर्षीय युवती, वार्ड नंबर दो कोटा निवासी 19 वर्षीय युवती के साथ बसंत विहार निवासी 26 वर्षीय युवक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *