बिलासपुर में कोरोना संक्रमण का खतरा फिर से बढ़ गया है। गुरुवार को यहां निजी अस्पताल में इलाज के दौरान वृद्ध महिला मरीज की मौत हो गई। बीते 123 दिन बाद कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि, बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला अस्पताल और CIMS में कोरोना वार्ड बनाने की तैयारी चल रही है। बीते दो दिन में जिले में 16 मरीज मिले हैं। वहीं एक्टिव केस की संख्या 63 हो गया है। जिले में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जून माह से मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यही वजह है कि स्वास्थ्य संचालक ने शासकीय व निजी अस्पतालों में फिर से कोविड वार्ड बनाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य संचालक के निर्देश के बाद CMHO डॉ. प्रमोद महाजन ने जिला अस्पताल और CIMS के साथ ही निजी अस्पतालों में कोरोना उपचार की व्यवस्था करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही जिला अस्पताल और CIMS में कोविड वार्ड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
ग्राम धुमा निवासी 72 वर्षीय सोनबाई यादव की तबीयत बिगड़ने लगी थी और उनमें कोरोना का लक्षण था। जांच में उनके संक्रमित होने की पुष्टि की गई। इसके बाद उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया था। लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर उन्हें 20 जून को उसे आरबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गुरुवार को उनकी मौत हो गई।करीब चार महीने से कोरोना से मौत का सिलसिला थम गया था। इसके पहले बीते 16 फरवरी को एक 18 वर्षीय युवती की मौत हुई थी। 123 दिन बाद फिर कोरोना से एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। वहीं अब धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है।
बताया जा रहा है कि ग्रीष्म कालीन अवकाश के दौरान शहर व जिले के लोग दूसरे प्रदेश टूर पर गए थे। माना जा रहा है कि दूसरे जगहों से आने वाले लोग ही संक्रमण लेकर आ रहे हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली में जैसे महानगर कोरोना के हॉट स्पॉट हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग का अमला न तो एयरपोर्ट और न ही रेलवे स्टेशन में जांच कर रही है। ऐसे में कांन्टेक्ट ट्रेसिंग नहीं हो पा रहा है।स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को जिले में आठ नए कोरोना संक्रमित मिलने की पुष्टि की है। इसमें अपोलो अस्पताल के कर्मचारी समेत पांच लोग शहर के रहने वाले हैं। इसके अलावा तखतपुर, कोटा और बिल्हा ब्लाक से एक-एक संक्रमित की पहचान की गई है। इसके साथ ही जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 63 हो गई है। स्थिति यह है कि अब रोजाना औसतन सात से आठ मरीज मिल रहे हैं।
बुधवार को शहर के बहतराई रोड स्थित प्रगति विहार में रहने वाले दो युवकों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। सरकंडा निवासी 31 वर्षीय युवक के साथ सात वर्षीय बच्ची, अपोलो हास्पिटल से 27 वर्षीय महिला के साथ तखतपुर अंतर्गत उमरिया निवासी 50 वर्षीय पुस्र्ष, वार्ड नंबर सात कोटा निवासी 34 वर्षीय युवक के साथ बिल्हा के वार्ड नंबर पांच निवासी 30 वर्षीय युवती की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें होम आइसोलेशन में रखा है और उपचार की व्यवस्था की है।