रूस-युक्रेन जंग को 4 महीने से ज्यादा हो चुके हैं और यह जारी है। इस बात की भी कोई उम्मीद नहीं नजर नहीं आती कि जल्द यह जंग थमेगी। हाल ही में G-7 समिट में युद्ध रोकने के लिए रूस पर और प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया। समिट के बाद ब्रिटिश PM बोरिस जॉनसन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन पर तंज कसते हुए कहा- अगर पुतिन महिला होते तो यूक्रेन पर हमला नहीं करते। इसके कुछ देर बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने पुतिन को आतंकवादी और रूस को आतंकी राष्ट्र करार दिया।
सोमवार को रूसी सेना ने एक शॉपिंग कॉम्पलेक्स पर मिसाइल हमला किया था। कॉम्पलेक्स में 1000 से ज्यादा लोग मौजूद थे। 18 लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि रूस ने हमले से इनकार कर दिया और उल्टा इसे यूक्रेन की साजिश बताया।
दूसरी तरफ, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने पुतिन की तुलना आतंकवादियों से की। जेलेंस्की ने कहा- रूस के कत्ल-ए-आम को फौरन रोकने की जरूरत है, अब दुनिया को एक्शन लेना होगा। जेलेंस्की ने UN से एक टीम भेजकर शॉपिंग कॉम्पलेक्स पर हुए हमले की जांच कराने की मांग की।
ब्रिटिश PM बोरिस जॉनसन ने जर्मन टीवी को दिए इंटरव्यू में पुतिन को मानसिक रूप से बीमार बताया। जॉनसन ने कहा- पुतिन अगर महिला होते तो वह यूक्रेन पर हमला नहीं करते। यूक्रेन पर रूस का हमला पागलपन है। जॉनसन के मुताबिक, महिलाएं पुरुषों के मुकाबले ज्यादा समझदार होती हैं। जॉनसन सत्ता में अधिक महिलाओं की भागीदारी की भी वकालत की।
जॉनसन ने कहा- पुतिन महिला नहीं हैं। मुझे लगता है, अगर वह महिला होते तो यूक्रेन पर हमला करने का पागलपन और कायराना हरकत नहीं करते। जी-7 के सभी नेता चाहते हैं कि यह जंग जल्द से जल्द खत्म हो, लेकिन फिलहाल तो इस जंग का कोई हल नहीं दिख रहा है।