अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस (4 जुलाई) पर शिकागो में फ्रीडम डे परेड के दौरान गोलीबारी मामले में 22 साल के संदिग्ध रॉबर्ट ई क्रीमो III को गिरफ्तार किया गया है। क्रीमो एक रैपर है, वह हमला करने के बाद भागने की फिराक में था।
पुलिस ने शिकागो हाईवे पर लंबी दूरी तक पीछकर रॉबर्ट को गिरफ्तार किया। जिसके बाद उसने खुद को म्यूजिशियन बताया। कल इलेनॉय राज्य के हाईलैंड पार्क की घटना में 6 लोगों की मारे गए थे, जबकि 31 घायल हो गए थे।
परेड सुबह 10 बजे शुरू हुई थी, लेकिन फायरिंग होने के 10 मिनट बाद ही रोक दी गई। इसे देखने के लिए सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने को कहा है। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने एक स्टोर की छत से अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इलाके की घेराबंदी कर हमलावर की तलाश की जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा- मैं इस निर्मम हिंसा से स्तब्ध हूं।हाईलैंड पार्क के सिक्योरिटी चीफ क्रिस ओ’नील ने बताया कि पुलिस संदिग्ध हमलावर की तलाश कर रही है। नील के मुताबिक, हमलावर 18 से 20 साल का एक युवक है। उसका रंग गोरा है और बाल लंबे हैं। वह सफेद या नीले रंग की टी-शर्ट पहने हुए है। घटनास्थल से पुलिस ने एक गन रिकवर की है। लोगों को घर के अंदर रहने को कहा गया है।
शिकागो सन-टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल पर एक शख्स जमीन पर पड़ा था। उसका शरीर कंबल से ढका हुआ था। वहीं, करीब 5-6 लोग खून से लथपथ जमीन पर पड़े हैं। एक स्थानीय निवासी माइल्स जरेम्स्की ने बताया- मुझे 20 से 25 शॉट सुनाई, जो एक के बाद एक लगातार हो रहे थे। इसलिए यह केवल एक हैंडगन या शॉटगन नहीं हो सकता था। पिछले साल भी फ्रीडम डे पर फायरिंग की घटना हुई थी, उसमें 19 जानें गई थीं।