मैंने प्यार किया, त्यागी, हवस जैसी हिट मूवी में काम करने वाली बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस भाग्यश्री बस्तर पहुंचीं हैं। वे जगदलपुर के कृष्णा गार्डन में आयोजित इंडियाज स्टार ब्यूटी अवॉर्ड शो में शामिल हुईं। भाग्यश्री ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि, बस्तर बहुत खूबसूरत जगह है। यहां टैलेंट की कमी नहीं है। बस उन्हें मंच मिलना चाहिए। मैं चित्रकोट वाटरफॉल देखने के लिए गई थी। बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए बेहतर ऑप्शन है। अगली बार आऊंगी तो पूरा बस्तर देखूंगी।
दरअसल, भाग्यश्री बॉलीवुड की पहली एक्ट्रेस हैं जो बस्तर आईं हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर की इमली का भी स्वाद चखा है। अगली बार आऊंगी तो यहां की खट्टी-मीठी इमली लेकर जाऊंगी। बस्तर के बोड़ा सब्जी के बारे में सुनी हूं। लेकिन, खाने का मौका नहीं मिला। यहां आने से पहले कानपुर, लखनऊ समेत अन्य बड़े शहरों में इवेंट के लिए गई थी, वहां जैसा प्यार मिला बिल्कुल ऐसा ही प्यार बस्तरवासियों ने भी दिया है।भाग्यश्री ने कहा कि, जब मैं चित्रकोट वाटरफॉल देखने के लिए गईं तो दूर से ही कल-कल की आवाज ने मुझे मोह लिया। प्राकृतिक खूबसूरती के बीच स्थित यह फॉल बहुत बड़ा है। यहां फिल्मों की शूटिंग की जा सकती है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए, और शूटिंग के लिए जगह को प्रमोट करने के साथ व्यवस्था करवानी चाहिए। जब बॉलीवुड यहां आएगा तो लोगों को भी रोजगार मिलेगा। शूटिंग शुरू होने से फ्लाइट शुरू होगी, होटल खुलेंगे, छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों को भी रोजगार मिलेगा।