स्पाइसजेट (Spicejet) के प्लेन्स में 18 दिनों में 8 बार खराबी आ चुकी है, जिसके बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। डॉयरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले में स्पाइसजेट के चेयरमैन और एमडी अजय सिंह ने कहा कि हम DGCA के नोटिस का स्वागत करते हैं। DGCA की तरफ से जहां-जहां चिंताए जाहिर की गई हैं, हम उनके साथ काम करके खुश हैं।
एमडी ने आगे कहा कि स्पाइसजेट के खिलाफ सोशल मीडिया में प्रचार किया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे प्रचार से लोगों का विश्वास कम होता है। दूसरी एयरलाइंस के साथ भी बर्ड हिट की घटनाएं होती हैं, लेकिन उनकी रिपोर्टंग नहीं होती। पिछले कुछ दिनों में लगभग 30 घटनाएं हुई हैं, जिनमें 1-2 स्पाइसजेट थे। इसमें से अन्य फ्लाइट भी थीं, लेकिन उनकी रिपोर्टिंग नहीं की जा रही।पाकिस्तान के कराची में स्पाइसजेट के फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग मामले में अजय सिंह ने कहा कि पायलट को लगा कि इंजन में बहुत अधिक ईंधन लग रहा है, इसके बाद उसने फ्लाइट को नजदीकी एयरपोर्ट पर उतार दिया। कोई इमरजेंसी लैंडिंग नहीं हुई थी। यह कोई गंभीर घटना नहीं थी।
स्पाइसजेट के चेयरमैन अजय सिंह ने कहा कि हमारे पास न केवल देश में बल्कि दुनिया भर में सबसे अच्छे सुरक्षा रिकॉर्ड है। हम जो कुछ भी करते हैं, उसमें सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हैं। पिछले 17 सालों से स्पाइसजेट 100% सुरक्षित एयरलाइन के तौर पर जाना जाता है।अजय सिंह ने आगे कहा कि हर दिन आसमान में औसतन 30 घटनाएं होती हैं। हम ऐसी घटनाओं को कम से कम करने की कोशिश करते हैं, लेकिन ये होना तय है। ये कोई गंभीर विषय नहीं है। कभी-कभी उपकरण खराब हो जाते हैं, लेकिन इसका सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है। ये प्लेन बेहद सुरक्षित हैं। प्लेन को कुछ नहीं होता है। सबसे खराब स्थिति में, पायलट बस वापस आ जाता है।
एमडी अजय सिंह ने कहा कि स्पाइसजेट के प्लेन्स का मई में ऑडिट किया गया। सभी को उड़ान भरने के लिए सुरक्षित पाया गया। DGCA को अगर कोई कमी लगती है तो हम उन पर जरुर काम करेंगे। आज हमने DGCA के साथ बैठक की। उन्होंने जिन मुद्दों पर काम करने के लिए बोला है, हम उन पर काम भी काम कर रहे हैं। हाल फिलहाल में जो भी घटनाएं हुई हैं, वे सभी सामान्य थीं। अगर कोई कहता है कि सुरक्षा की कमी है तो यह पूरी तरह से गलत है।