कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत में चीन की बढ़ती घुसपैठ को लेकर एक बार फिर से पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल ने सोमवार को कहा कि भारतीय क्षेत्र में बढ़ती चीन की घुसपैठ और पीएम की चुप्पी देश के लिए हानिकारक है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री चीन से डरते हैं, वे जनता से सच छिपाते हैं। पीएम सिर्फ अपनी छवि बचाते हैं।
राहुल गांधी ने पीएम पर सेना का मनोबल गिराने और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप भी लगाया है। कांग्रेस नेता भारतीय क्षेत्र में चीनी घुसपैठ और पीएम के इस मुद्दे पर पीएम के कोई बयान न देने की वजह से उन पर हमलावर रहते हैं। कांग्रेस आरोप लगाती रहती है कि चीन लगातार भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर रहा है, लेकिन सब कुछ जानते हुए भी सरकार अपनी छवि बचाने के लिए चुप है।
हाल ही में LAC के पास चीनी एयरफोर्स के युद्धाभ्यास करने का खुलासा हुआ था। इसमें वायु रक्षा हथियारों का भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करने की जानकारी मिली। जून के आखिरी हफ्ते में चीन का एक एयरक्राफ्ट LAC पर तैनात भारतीय जवानों की पोजिशंस के बहुत नजदीक आ गया था। रडार पर चीनी एयरक्राफ्ट नजर आते ही इंडियन एयरफोर्स एक्टिव हो गई। एयरफोर्स ने इसे घुसपैठ माना और चीनी एयरक्राफ्ट को मार गिराने के लिए अपनी मिसाइलों को एक्टिव कर दिया। हालांकि भारत की चेतावनी के बाद चीनी एयरक्राफ्ट वापस चला गया।