बिलासपुर में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने लगा है। लगातार दूसरे दिन 24 घंटे के भीतर 26 नए मरीज मिले हैं। वहीं, सोमवार को 27 मरीज मिले थे। इसके साथ ही एक्टिव केस 200 के पार पहुंच गया है। इसके बाद भी संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन उदासीन है।
जिले में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को जिले के 11 टेस्टिंग सेंटरों में 689 लोगों का कोविड टेस्ट कराया गया, जिसमें 26 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। चार दिन में 96 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। 4 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य है।
मंगलवार को जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें 12 महिलाएं हैं, वहीं 14 पुरुष शामिल हैं। बिल्हा में 8, तखतपुर में एक, बिलासपुर में 15 लोगों पॉजिटिव मिले है। इसमें नर्मदा नगर, गणेश नगर, अज्ञेय नगर, जूना बिलासपुर, कुदुदण्ड, सरकंड़ा सहित अन्य क्षेत्रों से कोरोना के मरीज मिले हैं।स्वास्थ्य विभाग ने जून के पहले सप्ताह में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए सिम्स और जिला अस्पताल के साथ ही निजी हॉस्पिटल के कोविड सेंटरों को शुरू करने के निर्देश दिए थे। CMHO के आदेश के बाद भी अब तक जिला अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था नहीं की गई है। राहत की बात है कि ज्यादातर कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में ही ठीक हो जा रहे हैं।