दुर्ग जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार 14 जुलाई को मात्र 915 लोगों का सैंपल लिया गया। इसमें 81 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में बीएसपी टाउनशिप से 17 लोग शामिल हैं।
दुर्ग सीएमएचओ डॉ. जेपी मेश्राम ने बताया कि जिले में 81 नए संक्रमित मिलने के बाद यहां की पॉजिटिविटी दर बढ़कर 8.8% पहुंच गई है। यह दर संक्रमण की श्रेणी में आती है। नए मिले मरीजों के बाद जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 388 पहुंच गई है। जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक पिछले 14 दिनों(जुलाई) में जिले में 596 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं पिछले मात्र तीन दिनों में 196 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन बढ़ते आंकड़ों को देखकर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। सीएमएचओ डॉ. मेश्राम का कहना है कि उन्होंने अधिक से अधिक सैंपलिंग के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिले में जांच केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।गुरुवार को मिले 81 नए संक्रमितों में सबसे अधिक पॉजिटिव भिलाई टाउनशिप से मिले हैं। इनकी संख्या 17 है। इसके साथ ही एसएसआईएमएस गर्ल्स हॉस्टल जुनवानी की एक छात्रा और बॉयज हॉस्टल के 17 वर्षीय किशोर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शेष संक्रमित भिलाई, दुर्ग व जिले के अन्य क्षेत्रों से हैं।
बोरसी कॉलोनी दुर्ग से एक घर के कई लोगों की तबीयत खराब थी। जब उन्होंने दुर्ग जिला अस्पताल जाकर कोरोना टेस्ट कराया तो वे लोग पॉजिटिव। उस घर से तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही सूर्य विहार कॉलोनी से एक ही परिवार के 2 सदस्य कोरोना संक्रमित मिले हैं।