सीएम बघेल बोले:अब सोनिया गांधी को परेशान कर रही ईडी, विरोध प्रदर्शन में सभी शामिल हों

सीएम बघेल बोले:अब सोनिया गांधी को परेशान कर रही ईडी, विरोध प्रदर्शन में सभी शामिल हों

कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की शनिवार को राजीव भवन में बैठक हुई। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ मोहन मरकाम की मौजूदगी में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के सम्मन के विरोध में प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन की रणनीति बनी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, मोदी सरकार विपक्ष के नेताओं के दमन के लिये ईडी, आईटी का दुरुपयोग कर रही है। राहुल गांधी के बाद अब सोनिया गांधी को परेशान करने के उद्देश्य से ईडी का सम्मन भेजा गया है। कांग्रेस पूरे देश में इसका पुरजोर विरोध करेगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी 21 जुलाई को बड़ा प्रदर्शन कर मोदी सरकार की अलोकतांत्रिक कदम का विरोध करेगी। सभी कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विधायक, मंत्री, सांसद इस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।

प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने भी सभी से ईडी का पुरजोर विरोध करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने संगठन चुनाव को लेकर भी सभी से सामंजस्य बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी सामंजस्य के साथ संगठन चुनाव में मदद करें। जहां आम सहमति न हो वहां समन्वय स्थापित करें।

सरकार की योजनाओं का फायदा आम आदमी को मिले इसके लिए काम करना है। इससे पहले बैठक शुरू होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बैठक के एजेंडे की जानकारी दी। साथ ही प्रदेश भारत जोड़ो पदयात्रा के संबंध में बताया कि एआईसीसी द्वारा यात्रा के मार्ग के बार में विवरण मिलने के बाद इसकी रूपरेखा बनाई जाएगी।

बैठक में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर विधानसभावार निकाले जानी वाली यात्रा पर चर्चा हुई। मरकाम ने बताया कि 21 जुलाई को ईडी के विरोध में प्रभावी प्रदर्शन राजधानी में तथा 22 जुलाई को जिला मुख्यालयों में होगा। बैठक का संचालन प्रभारी महामंत्री संगठन अमरजीत चावला, आभार प्रभारी महामंत्री प्रशासन रवि घोष ने किया।

बैठक में मंत्री उमेश पटेल, कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष गुरूमुख सिंह होरा, प्रतिमा चंद्राकर, वाणी राव, अंबिका मरकाम, चुन्नी लाल साहू, पी.आर.खुंटे, बीरेश ठाकुर,प्रेमचंद जायसी, जे.पी. श्रीवास्तव, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, वासुदेव यादव, थानेश्वर पाटिला, राजेन्द्र साहू, आरती सिंह, यशवर्धन राव सहित अन्य शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *