CM हाउस में हरेली की धूम:हल-कुदाल की पूजा कर मुख्यमंत्री ने गायों-बैलों को खिलाया पकवान

CM हाउस में हरेली की धूम:हल-कुदाल की पूजा कर मुख्यमंत्री ने गायों-बैलों को खिलाया पकवान

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार को हरेली पर्व की धूम रही। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल और परिजनों के साथ गाय-तुलसी और कृषि यंत्रों की पूजा की। ग्राम देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। बाद में उन्होंने पर्व की परंपरा के मुताबिक गेड़ी चढ़ी। परिवार और मंत्रिमंडल के साथियों के साथ घूमने वाले झूले (रइचुल) पर भी चढ़े।

पूरी तरह ग्रामीण परिवेश में सजे-धजे मुख्यमंत्री निवास में हरेली पर चारों ओर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा दिखाई दी। आयोजन में मौजूद लोगों ने छत्तीसगढ़ी लोक संगीत, लोक नृत्य, पारंपरिक गड़वा बाजा, राऊत नाचा, गेड़ी नृत्य, खेल, रइचुल और व्यजंनों का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने लोक नृत्य कलाकारों के साथ गेड़ी नृत्य कर उनका उत्साह बढ़ाया।मुख्यमंत्री ने भौंरा में भी अपना हाथ आजमाया। उन्होंने अपनी बेटी के साथ रइचुल का भी आनंद लिया। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने भी रइचुल का लुत्फ उठाया।

आयोजन में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, चन्द्रदेव राय, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राजेश्री राम सुंदर दास, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक आदि मौजूद रहे।मुख्यमंत्री निवास में जोरा गांव के 60 वर्षीय तीरथराम सिन्हा भी पहुंचे थे। वे अपने गांव से 10 किमी गेड़ी पर चढ़कर पहुंचे थे। तीरथराम ने बताया, वे दो साल से हरेली पर सीएम हाउस पहुंच रहे हैं। उनकी इच्छा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की है। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने तीरथराम को बुलाकर मुलाकात की। गेड़ी पर उनके कौशल की तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *