देश के कई राज्यों में बारिश से जान-माल को काफी नुकसान पहुंचा है। पंजाब, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और उत्तर भारत के 6 राज्यों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल में बारिश के दौरान डूबने, लैंडस्लाइड, सड़क हादसे में अब तक 133 लोगों की मौत हो चुकी है। एक महीने में यहां 450 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। उत्तराखंड के नैनीतील में शुक्रवार को लैंडस्लाइड हुआ। वहीं, जम्मू में जल स्तर बढ़ने के बाद पुंछ नदी में फंसे 30 लोगों को आर्मी ने रेस्क्यू किया है।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद में बारिश थमने के बाद आकाशीय बिजली गिरने से खेत में रोपा लगा रही 12 महिलाएं चपेट में आ गईं। इनमें से 5 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर रूप से झुलस गईं।
राज्य में हल्के बादल होने से अगले तीन-चार दिन तक भारी बारिश नहीं होगी, लेकिन बिजली की संभावना बनी हुई है।
हिमाचल में लगातार हो रही बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन, बाढ़ और सड़कें धंसने से जान-माल का भारी नुकसान पहुंच रहा है। मौसम विभाग ने 1 अगस्त तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। 2 अगस्त से मौसम साफ रहने का अनुमान है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में हुई भारी बारिश से 6 लोग मारे गए और 10 लोग लापता हुए हैं। इसके अलावा 17 मकान और 8 गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं, 11 कच्चे मकान बारिश में ढह गए है, जबकि 2 पक्के और 4 कच्चे मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। एक महीने में भारी बारिश से 450 करोड़ रुपए की चल अचल संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
जम्मू कश्मीर के अखनूर में चिनाब नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और निचले इलाको में बाढ़ आने की संभावना बनी हुई है।
पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ में 30 लोग फंस गए, जिसके बाद सेना ने बचाव अभियान शुरू किया। स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) और पुलिस के मदद से इनकी जान बचाई गई।
राज्य में गंगानगर, हनुमानगढ़ में 2 इंच तक बरसात हुई। मौसम केन्द्र जयपुर ने अगले 4 दिन राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में अब बारिश का दौर धीमा पड़ने और उत्तरी हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश गंगानगर जिले के लालगढ़ हिस्से में 104mm दर्ज हुई।
प्रदेश में पिछले 2-5 दिन से हो रही बारिश के कारण बांधों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। टोंक के बीसलपुर बांध में आज 776.92 क्यूसेक पानी की आवक हुई, जिसके बाद बांध का गेज 310.38 आरएल मीटर से बढ़कर 310.47 पर पहुंच गया। त्रिवेणी नदी का जलस्तर भी 3.20 मीटर पर है।UP के 29 जिलों में आज तेज बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। राजधानी लखनऊ में सुबह से ही तेज पानी बरस रहा है। अयोध्या, शामली, सहारनपुर, कासगंज, मैनपुरी, अमेठी, जौनपुर सहित 29 जिलों में आज दिनभर रुक-रुक कर तेज बारिश होगी।