कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन भारत का शानदार प्रदर्शन:बैडमिंटन-मुक्केबाजी में भारत ने पाकिस्तान को हराया

कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन भारत का शानदार प्रदर्शन:बैडमिंटन-मुक्केबाजी में भारत ने पाकिस्तान को हराया

भारतीय खिलाड़ियों ने 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन अच्छी शुरुआत की। बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाज शिव थापा ने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी को हराया। बैडमिंटन के मिक्स्ड टीम इवेंट में भी भारत ने पाकिस्तान को मात दी। विमेंस हॉकी में भारत ने पहले मैच में घाना को 5-0 के बड़े अंतर से हराया। टेबल टेनिस में महिला टीम ने अपना दोनों मुकाबला जीता। वहीं पुरुष टीम ने भी अपना पहला मुकाबला जीत लिया है। जबकि स्क्वॉश में भी भारत की टीम ने जीत के साथ आगाज किया।

कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला गोल्ड इंग्लैंड के नाम रहा है। ओलिंपिक चैंपियन एलेक्स यी ने ट्रायथलॉन में पहला गोल्ड मेडल जीता।भारतीय महिला और पुरुष टीम टेबल टेनिस के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। पुरुष टीम ने बारबाडोस और सिंगापुर को हराया तो वहीं, महिला टीम ने साउथ अफ्रीका और फिजी आइलैंड को मात दी। भारतीय स्विमर श्रीहरि नटराज ने इतिहास रच दिया है। वह 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्विमिंग कॉम्पिटीशन के फाइनल में पहुंच गए हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की सबसे युवा स्क्वॉश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने विमेंस सिंगल्स में जीत के साथ शानदार शुरुआत की है। उन्होंने सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के जैडा रॉस को लगातार तीन गेमों में हराया। अनाहत ने पहला गेम 11-5 से जीता। दूसरा गेम में अनाहत ने जैडा रॉस को 11-2 से मात दी। वहीं तीसरा गेम 11-0 से अपने पक्ष में करके मैच पर कब्जा जमा लिया। वहीं अभय सिंह ने भी मेंस सिंगल्स में जीत के साथ आगाज किया। उन्होंने ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड के जो चैपमैन को 11-5, 11-5, 11-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने ग्रुप-2 के मुकाबले में फिजी को 3-0 से हराया। दिया पराग चितले और श्रीजा की जोड़ी ने डबल्स में फिजी की तौआ टिटाना और ग्रेस रोजी यी को पहले मैच में 11-8, 11-3, 11-5 से हराया। इसके बाद सिंगल्स कैटेगरी में मनिका बत्रा ने कैरोलिन ली को 11-2, 11-4, 11-2 से आसानी से हरा दिया और टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिलाई। आखिरी मैच में श्रीजा अकुला ने ग्रेस रोजी यी को 11-7, 11-1, 11-2 से हराया और टीम इंडिया को 3-0 से जीत दिला दी। फिजी से पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम को 3-0 से हराया था।

बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने पाकिस्तान को किसी नौसिखुआ की तरह धो दिया। पहले मिक्स्ड डबल्स और इसके बाद मेंस सिंगल्स और डबल्स और विमेंस सिंगल्स और डबल्स में भारतीय खिलाड़ियों ने सीधे गेमों में जीत हासिल की।

मुक्केबाजी में शिव थापा ने भारतीय अभियान का शानदार आगाज किया। उन्होंने 65 KG वेट कैटगिरी में पाकिस्तानी बॉक्सर सुलेमान बलोच को 5-0 से हराकर अगले दौर में अपना स्थान पक्का किया।

टेबल टेनिस के महिला ग्रुप-2 के क्वालिफिकेशन राउंड में भारत ने साउथ अफ्रीका को 3-0 से हरा दिया। भारत ने एक डबल्स और दो सिंगल्स मुकाबले जीते। बता दें कि टेबल टेनिस के टीम इवेंट बेस्ट ऑफ फाइव के आधार पर खेले जाते हैं। तीन मुकाबले जीतने वाली टीम मुकाबला जीत जाती है।

भारतीय विमेंस टेबल टेनिस टीम के बाद मेंस टीम ने भी जीत के साथ अभियान की शुरुआत की है। भारतीय टीम ने बारबाडोस को 3-0 से मात दी।

स्वीमिंग में भारत के श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक इवेंट के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। श्रीहरि ने हीट-3 में 54.68 सेकेंड की टाइमिंग के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वे ओवरऑल 5वें नंबर पर रहे। उनसे पहले दिल्ली के तैराक कुशाग्र रावत मेंस 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्वीमिंग के फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रहे हैं। वे 8 खिलाड़ियों की हीट में आखिरी स्थान पर रहे। कुशाग्र ने 3:57.45 की टाइमिंग निकाली। सजन प्रकाश (25.01 सेकेंड) 50 मीटर बटरफ्लाई में 8वें नंबर पर रहे। वे ओवरऑल 24वें स्थान पर रहे और सेमीफाइनल (टॉप-16) में क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *