छत्तीसगढ़ के गौठानों में भी एक प्रतिस्पर्धा कराई जा रही है। प्रदेश भर की तीन सर्वश्रेष्ठ गौठानों को 15 अगस्त के दिन 50-50 हजार रुपए के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। हर जिले में सर्वश्रेष्ठ तीन गौठानों को भी 25-25 हजार रुपए के पुरस्कार दिए जाने हैं। गौठानों की चयन प्रक्रिया जारी है।
अधिकारियों ने बताया, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट गौठान से संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं गौठान समिति के अध्यक्ष को मुख्य अतिथि शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित करेंगे। उत्कृष्ट गौठानों को पुरस्कृत करने के लिए10 लाख रुपए का अनुमोदन गोधन न्याय मिशन की बैठक में किया जा चुका है। राज्य स्तर पर तीन गौठानों को पुरस्कृत करने के लिए जिला स्तर पर चयनित दो-दो उत्कृष्ट गौठानों के नाम को कलेक्टर को भेजे जाएंगे। कलेक्टर के अनुमोदन के बाद संभाग स्तर पर संयुक्त संचालक कृषि की अध्यक्षता में गौठानों के निरीक्षण और मूल्यांकन हेतु गठित समिति को भेजा जाएगा।
संभाग स्तरीय समिति इसे कृषि संचालनालय को सात अगस्त तक उपलब्ध कराएगी। संचालनालय स्तर पर गठित समिति द्वारा संभाग स्तरीय समिति की अनुशंसा से प्राप्त उत्कृष्ट गौठानों में से राज्य स्तर हेतु तीन उत्कृष्ट गौठानों का चयन करेगी। प्रशासकीय अनुमोदन के लिए यह सूची आठ अगस्त तक सरकार को उपलब्ध कराई जानी है। गोधन न्याय योजना के तहत जुलाई 2020 से बन रहे गौठानों को सरकार ग्रामीण औद्योगिक पार्क के तौर पर संचालित कर रही है। यहां दो रुपए प्रति किलोग्राम की दर से गोबर खरीदकर कम्पोस्ट आदि का उत्पादन होता है। यह मवेशियों के लिए डे सेल्टर है। इसके अलावा भी यहां विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन हो रहा है।उत्कृष्ट गौठान चयन के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर समिति गठित की गई है। यह समिति गोधन न्याय योजना पोर्टल-जीमैप में दर्ज आंकड़ों के आधार पर निर्धारित मापदंड के अनुरूप करके निरीक्षण और मूल्यांकन करेगी। जिला स्तर पर एक गौठान को पुरस्कृत करने के लिए प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से एक-एक उत्कृष्ट गौठान में से दो उत्कृष्ट गौठानों का पैनल जिला स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। यह समिति उनका निरीक्षण एवं मूल्यांकन कर पुरस्कार की अनुशंसा करेगी। जिला स्तर पर चयनित उत्कृष्ट गौठान का राज्य स्तर पर चयन होने की स्थिति में जिला स्तर पर दूसरे स्थान पर रहे गौठान को जिला स्तरीय पुरस्कार दिया जाएगा।