अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने ओडिशा में एल्यूमिना रिफाइनरी लगाने के लिए 5.2 अरब डॉलर (करीब 41 हजार करोड़ रुपए) के निवेश की योजना बनाई है। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडाणी इस रिफाइनरी के साथ अपने तेजी से बढ़ते साम्राज्य में एक और बिजनेस जोड़ना चाहते हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायाक के ऑफिस की ओर से बुधवार को किए एक ट्विट किया गया। इसके अनुसार अडाणी ग्रुप की प्रमुख कंपनी को 416.53 अरब रुपए (5.2 अरब डॉलर) के निवेश के लिए रायगडा में रिफाइनरी और कैप्टिव पावर प्लांट बनाने की मंजूरी मिली है। रिफाइनरी की एनुअल कैपेसिटी 40 लाख टन होगी। अडानी एंटरप्राइजेज ने इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।अरबपति अडाणी ने दिसंबर में सहायक कंपनी मुंद्रा एल्युमिनियम लिमिटेड की स्थापना की थी। ये गौतम अडाणी की मेटल सेक्टर में एस्पिरेशन्स का संकेत देती है। इस सेक्टर में आदित्य बिड़ला ग्रुप और लंदन बेस्ड वेदांत रिसोर्सेज लिमिटेड जैसे दिग्गजों का वर्चस्व है। अडाणी ग्रुप ने एग्री ट्रेडिंग और पोर्ट बिजनेस से अपना अपना साम्राज्य बनाया है, लेकिन एयरपोर्ट, डेटा सेंटर और रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस से पोर्टफोलियो को डायवर्सिफाई किया है।
अडाणी ने सीमेंट सब्सिडियरी स्थापित करने के एक साल से भी कम समय में मई में 10.5 अरब डॉलर में होल्सिम लिमिटेड की भारतीय यूनिट्स का अधिग्रहण करके अपने नए सीमेंट कारोबार को रातोंरात बढ़ा दिया था। साल की शुरुआत में स्टील और कॉपर के संयंत्रों की योजना की घोषणा करने के बाद अब वह अपने ग्रुप के मेटल पोर्टफोलियो का तेजी से निर्माण कर रहे हैं।