कांकेर जिले के पखांजूर में BSF की 132वीं बटालियन ने तिरंगा यात्रा निकाली। यहां बांदे स्थित BSF की पुरोहित कैंप ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और ग्रामीण युवाओं ने भाग लिया। तिरंगा थामे बीएसएफ के इन जवानों को देख सभी में उत्साह भर गया।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को BSF कमांडेंट धनंजय मिश्रा के नेतृत्व में तिरंगा लेकर जवान निकले। उन्होंने आसपास के गांवों में घूम-घूमकर गांववालों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जानकारी दी। जवानों ने ग्रामीणों के घरों पर तिरंगा लगाया और इसके महत्व के बारे में भी बताया।
कमांडेंट धनंजय मिश्रा ने बताया कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमें गर्व से जीना सिखाती है। इसकी आन-बान और शान के लिए कुर्बान हो जाने का जज्बा हर भारतीय में होना चाहिए। वहीं तिरंगा यात्रा को लेकर ग्रामीण इलाकों में उत्साह देखा गया। द्वितीय कमान अधिकारी गुरदीप संधू, सीएमओ डॉ रोहित कुमार, डीसी बीएम जोशी, डीसी नीरज कुमार, एसी गिरीश कुमार बाइक रैली में शामिल रहे। तिरंगा यात्रा से पहले स्कूली छात्राओं ने जवानों की कलाई पर राखी भी बांधी।हर घर तिरंगा अभियान 13 से 15 अगस्त तक चलेगा। भारत सरकार ने 20 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। इस अभियान के लिए भारत सरकार ने एक आधिकारिक वेबसाइट harghartiranga.com भी शुरू की है। यहां तिरंगे की फोटो भी शेयर की जा सकती है और PIN A Flag के ऑप्शन पर क्लिक कर सर्टिफिकेट भी लिया जा सकता है। इसके लिए अपना नाम, मोबाइल नंबर और लोकेशन शेयर करना होगा।