मुंबई में 26/11 जैसे हमले की धमकी:

मुंबई में 26/11 जैसे हमले की धमकी:

मुंबई में 26/11 जैसा हमला करने की धमकी दी गई है। पुलिस को पाकिस्तान के एक नंबर से शुक्रवार रात वॉट्सऐप मैसेज मिला। इसमें कहा गया है कि अगर लोकेशन ट्रेस की गई तो वह भारत के बाहर की मिलेगी और धमाका मुंबई में होगा।

धमकी में कहा गया है कि 6 लोग भारत में, जो इस काम को अंजाम देंगे। जिस नंबर से यह मैसेज किया गया है वह पाकिस्तान का है। मैसेज में उदयपुर कांड का भी जिक्र है। इस मामले में पुलिस ने वर्ली थाने में FIR दर्ज की है। वहीं, एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया है।

इससे पहले मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर ने कहा कि कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर पर टेरर मैसेज मिला है। इसमें मुंबई को उड़ाने की धमकी दी है। मैसेज में अजमल कसाब और अल जवाई का भी जिक्र है। उस व्यक्ति ने भारत में भी कुछ लोगों के होने की बात कही है। नंबर में जो कोड दिख रहा है, वो पाकिस्तान का लग रहा है। जांच में नाम, पता, नंबर सबकी जानकारी मिल जाएगी।

कमिश्नर ने कहा कि मुंबई पुलिस किसी भी धमकी को हल्के में नही लेती है। अभी मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद केस क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा। हम जांच में ATS, क्राइम ब्रांच समेत दूसरी एजेंसियों की मदद भी लेंगे।

एक दिन पहले महाराष्ट्र के रायगढ़ में समुद्र में एक संदिग्ध बोट मिली थी, जिससे तीन AK-47 और कुछ बुलेट्स बरामद किए गए थे। शुरुआती जांच में भारत में आतंकी हमले की आशंका जताई गई थी, लेकिन महाराष्ट्र के डिप्टी CM और इंडियन कोस्ट गार्ड के अधिकारी ने किसी प्रकार के आतंकी पहलू से इनकार कर दिया था।

अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आतंकी साजिश जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से NIA और ATS की टीम मामले की जांच कर रही हैं। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि जिस बॉक्स में हथियार रखे हुए थे, उस पर अंग्रेजी में नेप्च्यून मैरिटाइम सिक्योरिटी लिखा हुआ है। यह कंपनी ब्रिटेन की है।

26 नवबंर 2008 की रात पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर के 10 आतंकवादी भारत में घुस गए। दो आतंकियों ने दक्षिणी मुंबई के कोलाबा में स्थित लियोपोल्ड कैफे को निशाना बनाया, दो आतंकियों ने नरीमन हाउस, तो वहीं बाकी आतंकी दो-दो की टोली में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, होटल ट्राइडेंट ओबरॉय और ताज होटल की तरफ बढ़ गए। आतंकियों ने ताज होटल में चार दिनों तक कब्जा जमाए रखा। सबसे ज्यादा नुकसान भी यहीं हुआ था।

हमले में करीब देश और विदेश के 237 लोगों मारे गए, जबकि 300 लोग घायल हो गए थे। हमले में 8 पुलिसकर्मी भी शहीद हुए थे। देश के इतिहास में 26/11 मुंबई हमला सबसे भयावह आतंकी हमला था।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *