टि्वटर पर आरोप लगाने वाले पीटर जेटको मार्शल आर्ट जियू-जित्सू में ब्लैक बेल्ट हैं। उनका कहना है कि मार्शल आर्ट ताकत के बजाय अपने विरोधी को क्रिएटिव तरीके से कमजोर करने के दांव चलाता है। उन्होंने यह कौशल साइबर सिक्योरिटी में दिखाया है।
मज के नाम से मशहूर जेटको को टि्वटर ने नवंबर 2020 में सिक्योरिटी प्रमुख बनाया था। 14 महीने बाद उन्हें निकाल दिया गया। उसके छह महीने बाद जेटको ने टि्वटर के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कंपनी को संकट में डाल दिया है। उन्होंने अमेरिकी फेडरल नियामक एजेंसी और न्याय विभाग को 84 पेज के शिकायत वाली रिपोर्ट दी। उसमें उन्होंने कमजोर और बेईमान नेतृत्व के कारण टि्वटर के दिशाहीन होने का आरोप लगाया है।शिकायत में उन्होंने टि्वटर की सिक्योरिटी में खामियां बताई हैं। उस पर विदेशी प्रभाव है और वह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। जेटको ने टाइम मैग्जीन को एक इंटरव्यू में बताया कि सभी विकल्प खत्म होने के बाद मैंने शिकायत करने का फैसला किया है।
टि्वटर के सीईओ पराग अग्रवाल ने जेटको के खुलासों को झूठा और गलत बताया है। खुलासों का पहला नतीजा टि्वटर के शेयर मूल्यों में गिरावट के रूप में सामने आया है। टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क से टि्वटर की खरीद का सौदा प्रभावित हो सकता है। जेटको के आरोपों की ध्वनि राजधानी वाॅशिंगटन और उससे आगे सुनाई देगी।
जेटको 13 सितंबर को अमेरिकी संसद के सदन कांग्रेस में आरोपों के बारे में गवाही देेंगे। इससे सिक्योरिटी एक्सचेंज कमीशन (एसइसी) और फेडरल ट्रेड कमीशन (एफटीसी) की जांच शुरू हो सकती है। इस वजह से सोशल मीडिया कंपनियों पर आम लोगों का भरोसा कम होगा।
राजनीति और समाज पर उसके प्रभाव पर दुनियाभर में सवाल उठाए जा रहे हैं। पिछले साल फेसबुक की पूर्व प्रोडक्ट मैनेजर फ्रांसेस हॉगेन द्वारा जारी दस्तावेजों से खुलासा हुआ था कि फेसबुक यूजर की सुरक्षा के मुकाबले अपने मुनाफे को वरीयता देता है।