राज्य में गुरुवार को कोरोना के 120 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें रायपुर के 19 केस शामिल हैं। दो दिन के शासकीय अवकाश के बाद गुरुवार को जांच ज्यादा हुई। इस वजह से बुधवार की तुलना में केस भी ज्यादा मिले लेकिन संक्रमण दर कम होकर 1.73 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के अनुसार करीब डेढ़ माह पहले कोरोना की संक्रमण दर इतनी थी। उसके बाद केस बढ़े थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार सरगुजा में सबसे ज्यादा 21 केस मिले हैं। दुर्ग इस मामले में तीसरे नंबर पर रहा है। यहां 13 संक्रमित मिले हैं।
इन तीनों जिलों के अलावा किसी भी जिले में संक्रमितों का आंकड़ा दहाई के अंक में नहीं पहुंचा। धमतरी जहां अगस्त के शुरुआती दिनों में रोज 40-50 के औसत से मरीज मिल रहे थे, वहां संख्या काफी कम हो गई है। गुरुवार को वहां केवल 3 संक्रमित मिले हैं। गरियाबंद और कांकेर में एक भी संक्रमित नहीं मिला है। जशपुर, रायगढ़, कबीरधाम और सुकमा में एक-एक ही मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार कोरोना अब ढलान पर है। इस सितंबर के पहले पखवाड़े तक केस की संख्या और कम हो जाएगी। देश के अन्य शहरों जैसे दिल्ली और मुंबई में इसी ट्रेंड में संक्रमितों की संख्या कम हो रही है।