आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के मानहानि नोटिस की कॉपी को फाड़ दिया। उन्होंने कहा- एक चोर, एक भ्रष्ट इंसान की तरफ से भेजे गए इस नोटिस से मैं नहीं डरूंगा।
सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारत का संविधान मुझे सच बोलने का अधिकार देता है। राज्यसभा के सदस्य के रूप में मुझे सच बोलने का अधिकार है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि खादी का चेयरमैन रहते हुए LG विनय सक्सेना ने करोड़ों का घोटाला किया।
संजय सिंह ने कहा कि अब हम एलजी से पूछेंगे कि खादी में कैश पेमेंट में कितने का हेरफेर किया। वहां के 4,55,000 कर्मचारियों में से सिर्फ 1,93,598 कर्मचारियों का ही खाता खुला था। बाकी 2.5 लाख से अधिक घोस्ट एम्प्लॉई थे, जिन्हें हर महीने कैश पैमेंट जाती रही और अरबों-खरबों का घोटाला होता रहा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ऐसे भ्रष्ट LG को हटा कर उसकी गिरफ्तारी करे, जो 2.5 लाख कर्मचारियों का पैसा खा गया। इस LG के भ्रष्टाचार की पोल खोलो तो नोटिस भेजता है। इसके बाद उन्होंने मानहानि नोटिस की कॉपी को फाड़ दिया। सिंह ने कहा- मैं इस तरह के नोटिस 10 बार फाड़ सकता हूं।दिल्ली के LG वीके सक्सेना ने आप नेता संजय सिंह, आतिशी, दुर्गेश पाठक, सौरभ भारद्वाज और जैस्मीन शाह को नोटिस भेजा था। LG का आरोप था कि इन नेताओं ने उन पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप और अपमानजनक नारे लगाए थे। उन्होंने कहा था कि उनकी छवि खराब करने के लिए फेक न्यूज फैलाई गई, फिर इसका प्रचार भी किया गया। LG ने इन नेताओं से 48 घंटे में जवाब देने को कहा था।