दिल्ली में 1 जनवरी 2023 तक सभी तरह के पटाखों पर बैन लगा दिया गया है। इसमें पटाखों को ना तो बनाया जाएगा न स्टोर किया जाएगा और न ही बेचा जाएगा। इसकी घोषणा दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- दिल्ली में लोगों को प्रदूषण के खतरे से बचाने के लिए पिछले साल की तरह ही इस बार भी सभी तरह के पटाखों पर बैन रहेगा। पटाखों की ऑनलाइन बिक्री और डिलीवरी पर भी रोक रहेगी।
पटाखों पर प्रतिबंध को लेकर पुलिस को भी निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। राय ने सोमवार को एक बयान में कहा था कि ठंड में राजधानी में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए केंद्रीय आयोग ने जितने कदम बताए हैं, सरकार उससे कई ज्यादा सावधानी रखेगी। राय ने इससे जुड़े 30 विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा कि सभी विभाग को काम सौंपे गए हैं। साथ ही वायु प्रदूषण के कम करने की योजना बनाने के आदेश दिए गए हैं