प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे के दूसरे दिन एक एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए उनका काफिला हाईवे पर रुक गया। प्रधानमंत्री नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए अहमदाबाद से गांधीनगर जा रहे थे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। उन्होंने शुक्रवार सुबह गांधीनगर स्टेशन पर गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है। प्रधानमंत्री ने गांधीनगर से कालूपुर तक नई ट्रेन में सफर भी किया। ट्रेन में उनके साथ रेलवे कर्मचारी, महिला उद्यमी और कई युवा भी मौजूद रहे।
वंदे भारत ट्रेन की सवारी करने के बाद मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में भारत के सभी शहरों को नई गति मिलने वाली है। गुजरात में जब मैं मुख्यमंत्री था तो हमने मल्टी ट्रांसपोर्टेशन को लेकर एक बड़ी समिट की थी, लेकिन केंद्र में दूसरी सरकार थी, तब मैं अपने सपने को पूरा कर नहीं कर सका। फिर जब आपने मुझे दिल्ली भेजा तो मैंने उस सपने को पूरा कर दिया। पीएम ने आगे कहा कि बीते 8 वर्षों में सबसे ज्यादा निवेश रेलवे में किया जा रहा है।
इन वर्षों में देश के दो दर्जन से ज्यादा शहरों में मेट्रो का काम या तो पूरा हो चुका है या चल रहा है। रेलवे पर हमारा फोकस इसीलिए है कि फास्ट ट्रांसपोर्टेशन भारत के भविष्य के विकास को सुनिश्चित करने वाला है। यही देश के भाग्य को गढ़ने वाला है।