छत्तीसगढ़ से विदा हो गया मानसून:

छत्तीसगढ़ से विदा हो गया मानसून:

देश के उत्तर-पश्चिम इलाकों से लौटता हुआ मानसून छत्तीसगढ़ से भी विदा हो गया। शुक्रवार को दोपहर बाद मानसूनी सिस्टम ने प्रदेश की दक्षिणी सीमा को पार कर लिया। इसी के साथ बरसात का मौसम खत्म होने की आधिकारिक घोषणा हो गई है। पिछले 10 सालों में यह तीसरी बार है जब मानसून की वापसी 20 अक्टूबर के बाद हुई हो।

इसके बाद भी दिवाली पर बरसात की संभावना एकदम से खत्म नहीं हुई है। बताया जा रहा है, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान सितरंग की वजह से प्रदेश के कई जिलों में बादलों की वापसी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 अक्टूबर को दक्षिण- पश्चिम मानसून की विदाई पूरे प्रदेश से हो गई है। प्रदेश 17 जून को मानसून आया था। इस मान से इस साल बरसात की अवधि 131 दिन रही है।रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर से शुष्क और ठंडी हवा आ रही है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट बने रहने की संभावना है। आगे से प्रदेश का मौसम सूखा रहने की ही संभावना बन रही है। इस बीच उत्तर अंडमान सागर, दक्षिण अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर एक निम्नदाब का क्षेत्र बना है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा भी 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ते हुए प्रबल होकर और 22 अक्टूर को अवदाब के रुप में परिवर्तित होने की संभावना है।

संभावना है कि 23 अक्टूबर को यह अधिक प्रबल होकर गहरे अवदाब में बदल जाएगा। यहां से यह 23 अक्टूबर तक मुड़ते हुए पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंच जाएगा। इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 24 अक्टूबर को चक्रवात के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है। इसके बाद इसके उत्तर- उत्तर-पूर्व की ओर आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के पास 25 अक्टूबर को ओडिशा तट को स्पर्श करते हुए पहुंचने की संभावना है। इस चक्रवाती तूफान का नाम सितरंग रखा गया है।

तूफान को यह नाम थाइलैंड की ओर से दिया गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक छत्तीसगढ़ के मौसम पर इस तूफान का आंशिक असर ही होगा। इसके कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में 24 से 26 अक्तूबर तक बादल रहने की संभावना है। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *