गुजरात में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को काले झंडे दिखाए गए। इस दौरान भाजपा समर्थकों ने चोर-चोर के नारे भी लगाए। मामला नवसारी जिले का है, जहां शनिवार को केजरीवाल इलेक्शन रैली के लिए पहुंचे थे।
जिले में रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने काले झंडे दिखाने वालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि काले झंडे दिखाने वालों को भी मैं अपना भाई मानता हूं। मुझे भरोसा है कि एक दिन हम उनका दिल जीत लेंगे और उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लेंगे।नवसारी जिले के खुदवेल और गोलवड गांवों के बीच से आप नेताओं का काफिला गुजर रहा था, तभी BJP समर्थकों ने काले झंडे दिखाए। इसके बाद चिखली कस्बे स्थित नेशनल क्रिकेट ग्राउंड में केजरीवाल ने रैली को संबोधित किया। यहां पंजाब के CM भगवंत मान ने भी रैली को संबोधित किया।
रैली में CM केजरीवाल ने दावा किया कि राज्य में भाजपा के सदस्य खुद गुजरात सरकार के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि मुझे कई कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे पार्टी को सत्ता से हटाना चाहते हैं। केजरीवाल ने BJP कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अपनी पार्टी के साथ रहें, लेकिन आप पार्टी को ही वोट दें।