रायपुर की सड़क पर करीब 5 घंटे तक आदिवासी समुदाय के लोगों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। आरक्षण के मसले पर गाेंडवाना गणतंत्र पार्टी के बैनर तले धरना दिया गया। इसके बाद बड़ी तदाद में आदिवासी प्रदर्शनकारी जुलूस निकालकर CM आवास घेरने निकले। पुलिस ने इन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारी बैरीकेड पर चढ़कर लाठियां चलाने लगे।
बूढ़ापारा की सड़क पर काफी देर तक यूं ही बवाल चलता रहा। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की होती रही। जब आगे जाने में प्रदर्शनकारी कामयाब नहीं हो सके, तो सड़क को जामकर बैठ गए। घंटों तक इनका धरना सड़क पर चलता रहा। पुलिस भी इन्हें नहीं हटा सकी। देर शाम होने के बाद प्रदर्शनकारी नए सिरे से प्रदर्शन करने की चेतावनी के साथ लौटने लगे।गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय कमरू ने कहा – 32 प्रतिशत आरक्षण को कम कर दिया गया। बुधवार को इसी वजह से यहां लोग आए, समाज में नाराजगी है। 2012 में आरक्षण का हक मिला था। अब वर्तमान में ये आरक्षण कम कर दिया गया। कोर्ट में जो बात आरक्षण को लेकर रखी जानी चाहिए थी नहीं रखी गई और इसे गैर संवैधानिक घोषित किया गया।