छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में रेल आंदोलन के दूसरे चरण की शनिवार से शुरुआत हो गई है। बस्तर संभाग के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे विभिन्न समाज के लोगों ने जगदलपुर रेलवे स्टेशन के सामने धरना दिया। साथ ही रावघाट से आगे जगदलपुर तक पटरियां बिछाने का काम जल्द शुरू करने की मांग की। केंद्रीय रेल मंत्री के नाम अपनी मांग का पत्र स्थानीय प्रशासन को भी दिया। दरअसल, कुछ महीने पहले अंतागढ़ से जगदलपुर तक पदयात्रा कर इस आंदोलन की शुरुआत हुई थी।
बस्तर रेल आंदोलन के सदस्य संपत झा ने कहा कि, बस्तर के नागरिक पिछले 60 सालों से जगदलपुर को राजधानी रायपुर से रेल मार्ग के माध्यम से जोड़ने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए प्रस्ताव भी पास हुआ। दल्लीराजहरा से जगदलपुर तक रेल लाइन बिछाने का निर्णय लिया गया। करोड़ों रुपए की स्वीकृति भी दी गई। फिर दल्लीराजहरा से रावघाट तक रेल लाइन बिछाने का काम भी पूरा कर दिया गया। लेकिन, अब रावघाट से आगे जगदलपुर तक पटरियां बिछाने का काम रुका हुआ है।