छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को गरियाबंद में भेंट-मुलाकात कर रहे थे। यहां जिले को करोड़ों की सौगात देने के बाद वे ‘फेमस पान सेंटर’ पहुंचे। उन्हें देख दुकानदार जीवन लाल देवांगन बेहद खुश हो गए। जीवन लाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को अपने पान शॉप पर आने का न्योता दिया था। सीएम ने पान का लुत्फ उठाया और जीवन लाल व उनके परिवार के साथ आत्मीय बातचीत की।
इसके बाद सीएम ने कहा कि मुझे पुराने दिन याद आ गए, जब यहां आकर मैं आपके यहां पान खाता था। जीवन लाल देवांगन 500 डिजाइन के पान बनाकर लोगों को खिलाते हैं। उनकी इस विशिष्ट शैली के कारण वे कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी नवाजे गए हैं। इसमें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड, लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड जैसे कई अवार्ड शामिल हैं। जीवन लाल को इंडियाज गॉट टैलेंट जैसे कई टीवी शो में भी बुलाया गया है। यहां पान खाने के बाद सीएम भूपेश बघेल गरियाबंद से महासमुंद जिले के सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बलौदा के लिए रवाना हो गए।