छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है

छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग दिन में भी अलाव तापने को मजबूर हैं। वहीं गर्म कपड़े भी ठंड से लोगों को राहत नहीं दे पा रहे। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 दिसंबर को प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

प्रदेश के दूसरे जिलों के साथ-साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में भी लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। इसके बावजूद अभी तक गौरेला और पेंड्रा नगर पंचायतों ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की है। हालांकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए इस हफ्ते जिला शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया था, जिससे बच्चों को राहत है। 31 दिसंबर तक कोई भी कक्षा शाम के 4 बजे के बाद नहीं लगेगी।सरगुजा में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री से ऊपर नहीं चढ़ पाया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री तक गया था। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान का असर अगले दो से तीन दिन तक रहने की संभावना है। नमी बढ़ने से बादलों का घनत्व बढ़ेगा और इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *