NIA ने कश्मीर के पुलवामा सहित कई शहरों में 4 आतंकवादियों के पोस्टर लगाए हैं। जिनमें आतंकियों के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख का ईनाम देने का वादा किया गया है। सभी आतंकी जम्मू-कश्मीर में लश्कर के TRF संगठन से जुड़े हैं। वांटेड घोषित इन 4 आतंकियों में से दो पाकिस्तानी नागरिक हैं। उधर, पुलवामा के राजपोरा में पुलिस ने एक आतंकी के घर पर बुलडोजर चलाया। आतंकी का नाम आशिक नेंगरू है, जिसने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर घर बनाया था। नेंगरू 2019 में पाकिस्तान चला गया था। उस पर कई आतंकी हमलों में शामिल होने का शक है।वहीं, एनआई ने जिन आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं, उनके नाम बासित अहमद डार, शेख सज्जाद, सलीम रहमानी और सैफुल्ला साजिद जाट लिखे हैं। NIA ने कहा कि इन आतंकियों से जुड़ी जानकारी देने वाले शख्स को 10 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके लिए एजेंसी ने टेलीफोन नंबर और एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है। NIA ने सुरक्षा के चलते जानकारी देने वाली पहचान गुप्त रखने की बात कही है।