दिसंबर का पहला पखवाड़ा पार करने के बाद ठंड ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दी है। सरगुजा संभाग के अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जशपुर, कोरिया, मैनपाट, बलरामपुर, पेण्ड्रा रोड और कवर्धा में ओस की बूंद जम गई है। रायपुर-बिलासपुर संभाग के अधिकांश जिलों में अभी हालात सामान्य बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक बीती रात जशपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। एक दिन पहले सबसे ठंडे रहे कवर्धा में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री है। सरगुजा संभाग के दूसरे जिलों में कोरिया 6.2 डिग्री और अंबिकापुर 7.9 तक ठंडे हो गए हैं। बस्तर संभाग में नारायणपुर सबसे ठंडा है। यहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया है।कांकेर में तापमान 9.8 डिग्री दर्ज हुआ है। तापमान में दो दिनों की लगातार गिरावट होने से पाले का असर दिखने लगा है। सरगुजा, कोरिया, पेण्ड्रा रोड और कवर्धा की चिल्फी घाटी क्षेत्र में ओस की बूंद जमने से बर्फ गिरने जैसा दृश्य दिखने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे नजारे लगभग हर सुबह दिखने वाले हैं।