छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को बलौदाबाजार जिले के सोनाखान पहुंचे और यहां भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात की। सीएम भूपेश ने यहां शहीद वीरनारायण सिंह ईको टूरिज्म सर्किट का लोकार्पण भी किया। सोनाखान के कुर्रूपाठ के घने जंगलों में प्रकृति के बीच इस कलाकृति को आकार दिया गया है।
यह प्रदेश में अपनी तरह का पहला ऐसा म्यूजियम है, जहां ऑडियो-विजुअल सेटअप और एक विशेष धातु कॉर्टेन स्टील के माध्यम से शहीद वीर नारायण सिंह की जीवनी को प्रदर्शित किया गया है। खास बात यह है कि यह मेटल प्रकृति को हानि नहीं पहुंचाएगा। हरियाली के बीच इसकी सुंदरता देखते ही बनती है। कॉर्टेन स्टील के बने लंबे और सुंदर पैनल्स पर शहीद वीर नारायण सिंह की उकेरी जीवन बेहद प्रेरणादायी है। इसकी भव्यता दिन के साथ ही रात में भी देखी जा सकती है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शहीद वीर नारायण सिंह के वंशजों को शॉल और श्रीफल प्रदान कर उन्हें 10-10 हजार रुपए का चेक भी भेंट किया। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत सीएम भूपेश बघेल बलौदाबाजार जिले के बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शहीद ग्राम सोनाखान पहुंचे थे। यहां सबसे पहले उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर और राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की।