छत्तीसगढ़ में जारी ईड़ी की कार्रवाई में एक नया मोड़ आया है। अब इस पूरे मामले में शामिल एक और कारोबारी ने ईडी के सामने सरेंडर किया। करीब 2 महीने से यह कारोबारी ईडी से बचता फिर रहा था। मगर आखिरकार यह ईडी के हाथ लग गया है।
कारोबारी तक पहुंचने के लिए ईडी ने भी अपनी कार्रवाई का अनोखा जाल बुना । रायपुर स्थित एक कॉलोनी में ईडी की टीम ने छापेमारी करते हुए कारोबारी के घर में दबिश दी। घर वालों को भी पूछताछ में शामिल करने लगे, इसकी खबर मिलते ही हड़बड़ा कर शनिवार की सुबह कारोबारी ने ईडी के दफ्तर जाकर सरेंडर कर दिया । इस कारोबारी का नाम निखिल चंद्राकर बताया जा रहा है। पहले ही इस मामले में जेल में बंद कारोबारी सूर्यकांत तिवारी का यह खास है। फिलहाल इससे पूछताछ जारी है जल्द ही इसे अदालत में पेश भी किया जा सकता है।इससे पहले मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसी राज्य प्रशासनिक सेवा की अफसर सौम्या चौरसिया की हिरासत अवधि बढ़ा दी गई थी। प्रवर्तन निदेशालय(ED) ने बीते सोमवार को उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये विशेष अदालत में पेश किया। वहां एजेंसी के आवेदन पर उन्हें दो जनवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में ही रखे जाने का आदेश हुआ है। इस बीच सरकार ने सौम्या चौरसिया को निलंबित कर दिया था।