छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी विभागों में काम करने वाले संविदा कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है। सभी जिलों के करीब 45 हजार संविदाकर्मी इस हड़ताल में शामिल हैं। अपने-अपने दफ्तर छोड़कर इन कर्मचारियों ने आंदोलन की राह पकड़ ली है। सोमवार को हड़ताल के पहले दिन सभी कार्यालयों में इन कर्मचारियों की कुर्सी, मेज खाली नजर आए। ये हड़ताल 20 जनवरी तक जारी रहेगी।अपनी हड़ताल के पहले दिन कर्मचारियों ने कोल्हू का बैल बनकर विरोध जताया। कुछ कर्मचारियों ने बैल का मास्क लगाया और इन्हें प्रशासनिक अफसर हांकते रहे। कर्मचारियों ने कहा कि तय काम के अलावा भी विभाग में कोल्हू के बैल की तरह इन्हें बहुत सारे काम थोपकर शोषित किया जाता है। इनका मेहनताना बढ़ाया भी नहीं जाता। कई डिपार्टमेंट में इनकी छंटनी की गई है। दंतेवाड़ा में इसी तरह से कर्मचारियों ने छोटे नाटक काे दिखाकर प्रोटेस्ट किया।