प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में नेशनल कैडेट कोर (NCC) की वार्षिक रैली में शामिल हुए। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। NCC इस साल अपनी स्थापना का 75वां वर्ष मना रहा है। इस मौके पर PM मोदी ने 75 रुपए मूल्य का एक स्मारक सिक्का भी जारी किया। इस मौके पर संबोधित करते हुए PM ने कहा कि भारत का समय आ गया है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है और इसका सबसे बड़ा कारण भारत के युवा हैं। भारत की विकास यात्रा का ड्राइविंग फोर्स ‘युवा शक्ति है।
PM ने कहा कि जिस देश के युवा उत्साह और जोश से भरे हुए हों, उस देश की प्राथमिकता सदैव युवा ही होंगे। आज का भारत भी अपने सभी युवा साथियों को वो मंच देने का प्रयास कर रहा है जो आपके सपने को पूरा कर सके।
भारत के रक्षा क्षेत्र में सुधारों से देश के युवाओं को लाभ मिल रहा है। पिछले 8 सालों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों में हमारी बेटियों की संख्या दोगुनी हो गई है। आज, हम सशस्त्र बलों के तीनों अंगों में महिलाओं की तैनाती देखते हैं।
रैली हाइब्रिड डे और नाइट कार्यक्रम के रूप में आयोजित की जा रही है। इसमें एक भारत श्रेष्ठ भारत विषय पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।