हिमाचल के ऊंचे क्षेत्रों भारी बर्फबारी ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। 496 सड़कें और 908 बिजली के ट्रांसफॉर्मर (DTR) 2 दिन से ठप पड़े हैं। सड़कें अवरुद्ध होने से आवाजाही पर असर पड़ा है। DTR बंद होने से सैकड़ों परिवार अंधेरे में हैं। बिजली के बगैर लोगों को कड़ाके की सर्दी में अधिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
ताजा हिमपात के बाद प्रदेश में 3 नेशनल हाइवे (NH) समेत 496 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ी हैं। इससे आज भी लाहौल स्पीति, शिमला, किन्नौर और कुल्लू के कई इलाकों में दूध, ब्रेड, दही, मक्खन, सब्जी जैसी दैनिक उपभोग की वस्तुओं की सप्लाई पहुंचने की कम ही उम्मीद है।शिमला जिले में सबसे ज्यादा 180 सड़कें 2 दिन से बंद है। चंबा जिले में 27 सड़कें, कांगड़ा में 2, किन्नौर में 73, कुल्लू में 37, लाहौल स्पीति में 158, मंडी में 8 तथा सिरमौर में 11 सड़कें बर्फबारी के बाद से बंद पड़ी हैं। इस वजह से 2 दिन से 400 से ज्यादा रूटों पर परिवहन सेवाएं बाधित हुई हैं। लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।