देश में एल्यूमिनियम की सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी वेदांता एल्यूमिनियम की ओर से पहले अंतरराष्ट्रीय एल्यूमिनियम सम्मेलन (आईएसी-2023) का आयोजन कंपनी के झारसुगुड़ा स्थित प्रचालन परिसर में 9 और 10 फरवरी, 2023 को किया जाएगा। एल्यूमिनियम एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएआई) के सहयोग से आयोजित सम्मेलन की थीम है – ‘‘भारत को बनाएं दुनिया की एल्यूमिनियम राजधानी’’।
आईएसी-2023 का उद्देश्य वैश्विक एल्यूमिनियम उद्योग और उनके स्टेकहोल्डरों को एक मंच पर लाना है। आयोजन में ग्राहकों, उपभोक्ताओ, एल्यूमिनियम उद्योग संबंधी तकनीक एवं कच्चे माल के आपूर्तिकर्ताओं, सेवा प्रदाताओं और मूल्य श्रृंखला के अन्य भागीदारों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन के दौरान एल्यूमिनियम उद्योग के नेतृत्वकर्ता श्रेष्ठ विचारों, कार्य संस्कृतियों एवं प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करेंगे। एल्यूमिनियम उद्योग के नवाचारों, प्रगति, सस्टेनिबिलिटी प्रोत्साहन और चक्रीय अर्थव्यवस्था की निरंतरता में उद्योग के योगदान से प्रतिभागी रूबरू होंगे।