दिल्ली और मुंबई में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) ऑफिस में मंगलवार से जारी आयकर विभाग (IT) का सर्वे आज तीसरे दिन भी जारी है। सूत्रों ने बताया कि जब से कार्रवाई शुरू हुई तब से दिल्ली ऑफिस में 10 सीनियर एम्प्लाइज घर नहीं गए हैं। इस बीच BBC के सभी कर्मचारियों को अगली सूचना तक घर से काम करने का निर्देश दिया गया है।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को कर्मचारियों से फाइनेंशियल डेटा इकट्ठा किया। अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली और मुंबई में BBC के ऑफिस में ऑपरेशन मंगलवार सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ और 45 घंटे के बाद भी जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को कहा था कि सर्वे कुछ और समय तक जारी रहेगा।
सूत्रों की माने तो सर्वे इंटरनेशनल टैक्सेशन और ट्रांसफर प्राइसिंग में गड़बड़ी से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए किया जा रहा है। हालांकि, कार्रवाई पर आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इधर, BBC ने कहा है कि वह अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहा है।