निक्की यादव मर्डर केस:

निक्की यादव मर्डर केस:

दिल्ली के निक्की यादव मर्डर केस में नई जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक 10 फरवरी को निक्की को गला घोंटकर मारने से एक दिन पहले साहिल अपने परिवार की पसंद की लड़की से सगाई करके लौटा था। मर्डर वाले दिन ही वह वापस अपने घर गया और धूमधाम से शादी की। शादी के दौरान उसके चेहरे पर शिकन तक नहीं दिखी। ऐसा लगा ही नहीं कि उसने कुछ देर पहले ही एक लड़की का मर्डर किया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 साल के साहिल गहलोत ने 9 फरवरी को अपनी सगाई में खूब मस्ती की, दोस्तों के साथ डांस किया। सगाई फंक्शन खत्म होने के बाद वह अपने कजिन की कार लेकर रात करीब 1 बजे (10 फरवरी) निक्की के घर पहुंचा। वहां निक्की की बहन भी मौजूद थी। सुबह करीब 5 बजे साहिल निक्की को लेकर निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचा।

निक्की गोवा जा रही थी। उसकी ट्रेन सुबह साढ़े 7 बजे की थी। उसने साहिल से भी साथ चलने को कहा, लेकिन उसने टिकट न मिलने का बहाना बनाया। फिर दोनों ने अचानक हिमाचल जाने की प्लानिंग कर ली। दोनों आनंद विहार बस स्टेशन पहुंचे, लेकिन यहां उन्हें पता चला कि बस कश्मीरी गेट से मिलेगी। दोनों वहां से कश्मीरी गेट चले गए। साहिल के पास लगातार फोन आ रहे थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने आगे बताया कि 10 फरवरी को ही साहिल की शादी होनी थी, इसलिए उसके परिवार वाले उसे लगातार कॉल कर रहे थे। निक्की को जब इस बारे में पता चला तो दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। सुबह करीब 9 बजे साहिल ने कश्मीरी गेट इलाके में ही कार के अंदर डेटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया। उसकी वहीं मौत हो गई।

इसके बाद साहिल ने निक्की की बॉडी को फ्रंट सीट पर बैठाया, सीट बेल्ट लगाया और उसे कश्मीरी गेट इलाके से पश्चिम विहार होते हुए 35 किलोमीटर दूर दक्षिणी दिल्ली के मित्रांव गांव स्थित अपने ढाबे पर पहुंचा। मौका देखकर यहां पर उसने निक्की की बॉडी को कार के बूट में छिपाया और वहां से अपनी शादी में शामिल होने अपने घर चला गया।

शादी की रस्में पूरी होने के बाद जब रात को उसके परिवार वाले सो रहे थे, तो करीब 3.30 बजे वह दूसरी कार लेकर निक्की की लाश को ठिकाने लगाने के लिए ढाबे पर पहुंचा। पुलिस का कहना है कि वह लाश को किसी नदी में फेंकने का प्लान बना रहा था।

वह पहले बॉडी को कार से निकालकर ढाबे के फ्रिज तक ले गया। निक्की का बैग फ्रिज के पास ही रखा था। साहिल ने उसका मोबाइल फोन निकाला और उसमें से डेटा डिलीट कर दिया। साहिल ने अपने फोन से भी निक्की से जुड़ा सारा डेटा डिलीट कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *