दिल्ली के निक्की यादव मर्डर केस में अब नया ट्विस्ट आ गया है। शनिवार को पुलिस ने बताया कि आरोपी साहिल ने दूसरी शादी करने के लिए निक्की की हत्या की। इस साजिश में उसका परिवार भी शामिल था। पुलिस का कहना है कि घरवालों ने दोस्त के साथ मिलकर निक्की के शव को फ्रिज में छिपाने में आरोपी की मदद की। इतना ही नहीं निक्की और साहिल की शादी अक्टूबर 2020 में नोएडा के आर्य समाज मंदिर में हुई थी। दूसरी शादी करने के लिए साहिल को निक्की रोक रही थी, लेकिन वह नहीं माना और निक्की की हत्या कर दी।
पुलिस ने साहिल और परिवार से पूछताछ के बाद शुक्रवार की शाम को उसके पिता, दोस्त और चचेरे भाई समेत 5 लोगों को अरेस्ट किया। इसके बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पुलिस को इनकी दो दिन की कस्टडी में भेज दिया।निक्की और साहिल की शादी की तस्वीर सामने आई है। फोटो आने के बाद निक्की की फैमिली ने दावा किया है कि उन्हें इस शादी के बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी। वहीं, शादी करवाने वाले पंडित से पुलिस ने पूछताछ की। पंडित ने माना है कि उसने निक्की-साहिल की शादी 2020 में करवाई थी।