दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीते शनिवार को मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क पहुंच गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में इन चीतों को बाड़े में रिलीज किया गया। जैसे ही चीते बाड़े में पहुंचे तेजी से भागने लगे। थोड़ी दूर जाने के बाद कुछ पल के लिए रुके, फिर रेस भरने लगे। बाड़े से अनजान चीते इधर-उधर देखते नजर आए।
कूनो आए इन 12 चीतों में 7 नर और 5 मादा हैं। कूनो में अब चीतों की कुल संख्या 20 हो गई है। इनमें 10 नर और 10 मादा हैं। इससे पहले पिछले साल सितंबर में 8 चीते नामीबिया से लाए गए थे। इनमें 5 मादा व 3 नर थे। चीतों को लेकर दक्षिण अफ्रीका से निकला विशेष विमान शनिवार सुबह ग्वालियर एयरबेस पहुंचा। यहां से इन्हें सेना के 4 हेलिकॉप्टर के जरिए कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया गया।
चीतों को रिलीज करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कूनो में पर्यटकों की सुविधा के लिए हम इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहे हैं। यहां रहने सहित तमाम व्यवस्था जुटा रहे हैं, जैसे ही हमें अनुमति मिलेगी, तभी आगे की कार्रवाई होगी। सरकार ने चीता प्रोजेक्ट बनाया है। हम उसके तहत सभी व्यवस्थाएं बना रहे हैं।